
कांगड़ा। पुराने बस स्टैंड के समीप एक दुकान में निरीक्षण करने आए आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम के खिलाफ व्यापारियों ने जमकर गुस्सा निकाला। व्यापारियों ने दुकानों से सामान सड़क पर रखकर कुछ देर के लिए चक्का जाम कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मंगलवार दोपहर बाद पालमपुर से विभाग के उड़नदस्ते की टीम अधिकारी संग अपने दल के साथ एक दुकान में औचक निरीक्षण को आई। इससे गुस्साए व्यापारियों ने सड़क पर सामान रखकर चक्का जाम कर दिया। उनका आरोप है कि विभाग केवल चुनिंदा व्यापारियों को कार्रवाई के नाम पर प्रताड़ित कर रहा है। जिसे कदापि सहन नहीं किया जाएगा। व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन के उपरांत टीम चली गई। संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान अनुज गर्ग ने कहा कि नगर के चुनिंदा व्यापारियों को कराधान व आबकारी विभाग टैक्स के नाम पर प्रताड़ित कर रहा है।
कई दुकानदारों के यहां विभाग के अधिकारी एक माह में कई बार जांच के लिए आ चुके हैं, जो कि निंदनीय है। विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली न बदली तो संयुक्त व्यापार मंडल संघर्ष का बिगुल बजाएगा। कराधान व आबकारी विभाग उत्तरी क्षेत्र पालमपुर के डिप्टी कमिश्नर केडीपीएस चौहान ने कहा कि शिकायत के आधार पर वह रूटीन चेकिंग के लिए आए थे। निरीक्षण कार्य में बाधा
पहुंचाई गई जोकि गलत है। विभाग ने दस्तावेज कार्यालय में
तलब करने को कहा है। व्यापार मंडल से विभाग का कोई लेना देना नहीं है।
पत्रकार से दुर्व्यवहार का आरोप
इस दौरान रोष प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों की फोटो खींचने को लेकर एक व्यापारी द्वारा कांगड़ा के पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार किया गया। जिसकी शिकायत पत्रकार ने पुलिस में कर दी है।
