
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। विकास खंड देहरा की पंचायत सेर लौहारा के उप प्रधान को शक्तियों का दुरुपयोग करने के आरोप में जिला पंचायत अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। देहरा विकास खंड अधिकारी मनीष शर्मा ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि सेर लौहारा पंचायत के उप प्रधान संजीव गुलेरिया ने फर्जी पंचायत प्रस्ताव डालकर राजकीय जमा दो स्कूल में तैनात एक शिक्षक का तबादला करवा दिया था। इसकी शिक्षक ने सूचना अधिकार अधिनियम के तहत सूचना लेने के बाद खंड विकास अधिकारी कार्यालय में शिकायत की। मनीष शर्मा ने बताया कि जांच करने पर पाया गया कि पंचायत ने शिक्षक के खिलाफ कोई भी प्रस्ताव नहीं डाला था और उप प्रधान ने फर्जी प्रस्ताव का सहारा लेकर जहां सरकार को गुमराह किया। वहीं शिक्षक का तबादला करवाकर उसे मानसिक आघात भी पहुंचाया। मनीष शर्मा ने बताया कि जिला पंचायत अधिकारी के आदेशानुसार सेर लौहारा पंचायत के उपप्रधान को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मुकद्दमा दायर करने की भी सिफारिश की गई है।
