सेब से लदी जीप लुढ़की, दो की मौत

रामपुर बुशहर। झाकड़ी थाना के तहत मंगलाड खड्ड के पास सेब से लदी पिकअप एनएच से गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। मृतक किन्नौर जिले के पांगी गांव के रहने वाले थे। हादसे में नौ वर्षीय एक बालक को हल्की चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। मामला दर्ज करके पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पिकअप पांगी गांव से सेब लेकर शिमला की तरफ जा रही थी। मंगलाड के पास पिकअप अनियंत्रित होकर करीब ढाई सौ मीटर गहरी खाई में जा लुढ़की। पिकअप में चालक और एक बच्चे सहित तीन लोग सवार थे। हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बच्चे को हल्की चोटें आई हैं। रविवार को ज्यूरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद अनिश पुत्र पवन कुमार को छुट्टी दे दी गई। मृतकों की पहचान चालक एवं मालिक आशीष कुमार (29) पुत्र लायक राम निवासी पांगी, प्रेम कुमार (27) पुत्र सागर देव निवासी पांगी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
एसडीपीओ सुनील नेगी ने बताया कि हादसे के बारे में पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ढांक में फंसे शवों को कड़ी मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचाया। हादसा कैसे हुआ, इसके बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

अनिश ने बताया गाड़ी गिरी है
मंगलाड के पास हुए सड़क हादसे के बारे में पुलिस को अनिश ने बताया। रविवार सवेरे साढ़े सात बजे अनिश ने घटनास्थल के पास नेशनल हाईवे पर एक गाड़ी को हाथ दिया। उसमें जगदीश नेगी सवार थे। किन्नौर निवासी जगदीश नेगी अनिश को ज्यूरी पुलिस चौकी ले आए। यहां पर अनिश ने पुलिस को बताया कि मंगलाड में गाड़ी गिरी हुई है। अनिश भी इसी गाड़ी में सवार था। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ढांक से शवों को बाहर निकाला। गाड़ी सवेरे के समय गिरी है या फिर रात को, इसके बारे में अनिश को याद नहीं है।

Related posts