सेब सीजन में बंद नहीं होंगी सड़कें : वर्मा

चौपाल (शिमला)। चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा ने कहा कि सेब सीजन में बागवानों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। सीजन को लेकर पुख्ता इंतजाम करने के लिए प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं। सेब बहुल क्षेत्रों को जोड़ने वाली चौपाल की सभी सड़कों को सेब सीजन के दौरान बंद नहीं होने दिया जाएगा।
बलवीर वर्मा ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि चौपाल की सड़कों में सुधार लाने के लिए लोक निर्माण विभाग की 24 मशीनें कार्य कर रही हैं। अभी सेब सीजन को लेकर सड़कों का रखरखाव किया जा रहा है। बरसात समाप्त होने के तुरंत बाद सड़कों की मैटलिंग का कार्य आरंभ किया जाएगा। सेब सीजन में लोगाें को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। वर्मा ने बताया कि उनका उद्देश्य ठप विकास कार्यों को तेजी से शुरू करना है। विधायक रविवार को चौपाल में आयोजित भागवत पुराण महायज्ञ के समापन अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस महायज्ञ में परगना चांजू, हामल, चंदलोग, शंठा तथा जखोली के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कथा का आयोजन व्यापार मंडल चौपाल के उपाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा की ओर से किया गया था। विधायक ने इस दौरान लोनिवि विश्रामगृह में जन समस्याएं सुनीं और लोगों को शीघ्र समस्याओं का निपटारा करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर पार्षद दीपक पनाईक, प्रकाश चौहान, गोविंद शर्मा, राजेश शर्मा, जयलाल शर्मा सहित आदि उपस्थित थे।

Related posts