सेब की 59,51,995 पेटी पहुंची मंडियों में

कोटखाई (शिमला)। शिमला जिले के ऊपरी क्षेत्र से अब तक 59,51,995 सेब की पेटियां विभिन्न मंडियों तक पहुंच चुकी हैं लेकिन इस साल बागवानों को पिछले साल की तुलना में 1200 रुपये तक कम दाम मिल रहे हैं। बागवानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। पिछले साल सेब बागवानों को 2700 रुपये तक प्रति पेटी दाम मिल रहे थे। इस बार 400 से 1200 रुपये प्रति पेटी बागवानों को मिल रही है।
सरकारी आंकड़ों पर गौर करें तो कोटखाई-जुब्बल, रोहडू, चौपाल, ठियोग, नारकंडा रामपुर आदि क्षेत्रों से बागवान विभिन्न मंडियों में सेब की 59,51,995 पेटियां भेज चुके हैं। फागू कंट्रोल रूम में तैनात उद्यान प्रसार अधिकारी सुभाष चंदेल ने बताया कि यहां से 7,740 ट्रक और 11,374 पिकअप जीप 46,04,353 सेब पेटियां लेकर विभिन्न मंडियों के लिए रवाना हुईं। बलग कंट्रोल रूम के मुख्य आरक्षी जसविंद्र सिंह ने बताया कि 2871 ट्रक और 3885 पिकअप 13,47,642 सेब की पेटी लेकर मंडियों के लिए रवाना हो चुकी हैं। इसकी पुष्टि बागवानी विस्तार अधिकारी शिमला राहुल चौधरी ने की है।
क्षेत्र के बागवानों जोगिंद्र चौहान, दलीप चौहान, ज्ञान ठाकुर, प्रताप चौहान, भगवान सिंह, जय रामटा, शेर सिंह ठाकुर, नीरज ठाकुर, शिशु पाल, रजत चौहान, मोहन चौहान और तेज राम का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस साल बागवानों को सेब के कम दाम मिल रहे हैं। पिछले साल जहां बागवानों को प्रति पेटी 2700 रुपये तक मिल रहे थे। इस साल 400 से 1200 रुपये तक प्रति पेटी मिल रहे हैं। इससे बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

Related posts