सेना में भर्ती का मौका

पालमपुर (कांगड़ा)। भारतीय सेना के लिए 4 से 10 अक्तूबर तक पुलिस मैदान चंबा में खुली भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। भर्ती अधिकारी, एआरओ पालमपुर कर्नल नवजोत ने बताया कि इस भर्ती में कांगड़ा तथा चंबा जिला के उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह भर्ती सोल्जर सामान्य ड्यूटी और सोल्जर क्लर्क एसकेटी ट्रेड के लिए होगी।
4 अक्तूबर को सोल्जर सामान्य ड्यूटी के लिए जिला कांगड़ा के इंदौरा, नूरपुर, फतेहपुर, जवाली, ज्वालामुखी, जसवां कोटला और उप-तहसील हार चक्कियां के उम्मीदवार भर्ती में शामिल हो सकते हैं। 5 अक्तूबर को सोल्जर सामान्य ड्यूटी के लिए कांगड़ा जिला के धर्मशाला, कांगड़ा, देहरा, शाहपुर, बड़ोह और रक्कड़ तहसीलों के युवक शामिल हो सकते हैं। जबकि 6 अक्तूबर को सोल्जर सामान्य ड्यूटी के लिए कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर, पालमपुर, धीरा, थुरल, खुंडियां, बैजनाथ और उप तहसील मुलथान के उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि 7 अक्तूबर को सोल्जर सामान्य ड्यूटी के लिए चंबा के उम्मीदवार तथा 8 अक्तूबर को सोल्जर क्लर्क एसकेटी के लिए जिला कांगड़ा के उम्मीदवार भर्ती में शामिल हो सकते हैं। 9 अक्तूबर को डीएससी में भर्ती के लिए हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ के उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। लेकिन इस भर्ती में जिला गुड़गांव, मेवात, पलवल और फरीदाबाद के उम्मीदवार भाग नहीं ले सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर में दूरभाष नंबर 01894-235526 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related posts