सेना को कमजोर कर रहा केंद्र : राजनाथ

सुजानपुर (हमीरपुर)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान और चीन भारत को चोट पहुंचा रहे हैं, लेकिन केंद्र की यूपीए सरकार चुप्पी साधे बैठी है। प्रधानमंत्री चीन में जाकर समझौता कर रहे हैं कि यदि चीन की सेना भारत की सीमा में घुस आएगी तो देश की सेना कुछ नहीं करेगी, बातचीत की जाएगी। देश की सेना ने पाकिस्तान की सेना को कई मौकों पर शिकस्त दी है, लेकिन वर्तमान में केंद्र की कांग्रेस नीत सरकार हाथ बांधे बैठी है। उन्होंने कहा कि एक बार देश की सेना को खुला हाथ देकर तो देखो, दुश्मनों को कैसे सबक सिखाया जाता है।
उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार ही फैलाया है। अब कमल खिलेगा जो देश को आगे ले जाएगा। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि केवल कमल पर नजर रहे, प्रत्याशी पर नहीं। देश में साठ साल तक राज करने वाली कांग्रेस सरकारों ने सेना को मजबूत करने के लिए कुछ नहीं किया। हथियारों के निर्माण के लिए संस्थान स्थापित नहीं कर सकी। अमेरिका के आगे हाथ फैलाने पड़ते हैं। देश मंगलयान भेज सकता है तो क्या उत्तम हथियार नहीं बना सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी में देश सेवा का जज्बा है। निर्णय लेने की क्षमता है। भाजपा की सरकार बनने पर स्वदेशी तकनीक से हथियाय तैयार करने के लिए संस्थान स्थापित करेगी। कांग्रेस ने सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने का आश्वासन दिया था, लेकिन नहीं बढ़ाया। भाजपा सत्ता में आने पर युवा बेरोजगारों, किसानों, हर वर्ग के लिए योजना लागू करेगी।

Related posts