
रुद्रपुर/लालपुर। तकनीकी खराबी के चलते भारतीय थल सेना के हेलीकाप्टर को ग्राम कनकपुर में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। यह देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गयी। इस हेलीकाप्टर के साथ उड़ान भर रहे दूसरे हेलीकाप्टर में बरेली से इंजीनियरों की टीम पहुंची। फाल्ट दुरुस्त करने के बाद हेलीकाप्टर ने आगे के लिए उड़ान भरी।
सोमवार को हल्द्वानी से थल सेना के दो हेलीकाप्टरों ने बरेली के लिए उड़ान भरी। बताया जा रहा है कि इस बीच रास्ते में हेलीकाप्टर जेड-3313 में तकनीकी खराबी आ गई। इसका पता चलते ही पायलट आपातकालीन लैंडिंग के लिए मैदान की तलाश करने लगा। ग्राम कनकपुर के श्मशान घाट के पास खाली भूमि में हेलीकाप्टर ने आपातकालीन लैंडिंग की। इसके साथ ही दूसरे हेलीकाप्टर जेड-3209 ने भी लैंडिंग की। यह देख मौके पर सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कुछ देर बाद दूसरा हेलीकाप्टर इंजीनियरों की टीम लेने बरेली रवाना हो गया। खराब पड़े हेलीकाप्टर के पायलट कैप्टन मुकेश सिंह व सौरभ भटनागर ने मोबाइल से मामले की जानकारी अपने अफसरों को दी। करीब 40 मिनट के बाद दूसरे हेलीकाप्टर से आपातकालीन लैंडिंग स्थल पर इंजीनियरों की टीम पहुंची। हेलीकाप्टर की खराबी दूर करने पर दोनों हेलीकाप्टरों ने बरेली के लिए उड़ान भरी।
