सेना की खुली भरती आज से पंडोह में

मंडी। सेना भरती कार्यालय मंडी ने शनिवार से शुरू होने वाली खुली भरती के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोल्जर जीडी, क्लर्क व धर्म गुरु पद के लिए क्षेत्रवार के हिसाब से इच्छुक युवा शारीरिक परीक्षा में भाग ले सकेंगे।
सेना भरती कार्यालय की ओर से तृतीय भारतीय रिजर्व बटालियन पंडोह में आठ दिन तक चलने वाली भरती शनिवार से शुरू होगी। सेना में सोल्जर जीडी, क्लर्क व धर्म गुरु पद के लिए भरती होगी। भरती प्रक्रिया में मंडी, कुल्लू व लाहौल स्पीति के उम्मीदवार भाग लेंगे।
सोल्जर जीडी पद के लिए 18 मई को सदर (मंडी), चच्योट, थुनाग, लडभड़ोल व करसोग तहसील के उम्मीदवार शारीरिक परीक्षा में भाग लेंगे। 19 मई को इसी पद के लिए सुंदरनगर, जोगिंद्रनगर, पधर, सरकाघाट, तहसील के उम्मीदवारों की भरती होगी। 20 मई को कुल्लू व लौहाल स्पीति जिले के उम्मीदवार ही शारीरिक परीक्षा में भाग ले सकेंगे। सोल्जर क्लर्क पद के लिए 21 मई को मंडी जिला के उम्मीदवारों की भरती होगी, जबकि 22 मई को कुल्लू व लाहौल स्पीति जिले के उम्मीदवार भरती में भाग लेंगे। 23 मई को धर्म गुरु पद के लिए हिमाचल व हरियाणा के जिला गुड़गांव, मेवात, पलवल, फरीदाबाद व चंडीगढ़ के उम्मीदवारों की भरती होगी। सोल्जर जीडी पद के लिए उम्मीदवार की आयु साढ़े सत्रह से 21 साल होनी चाहिए, जबकि सोल्जर क्लर्क पद के लिए साढ़े सत्रह से 23 साल व धर्म गुरु पद के लिए 27 से 34 साल रखी गई है।
सेना भरती कार्यालय मंडी के निदेशक कर्नल एसडी माथुर ने बताया कि भरती की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार से भारतीय रिजर्व बटालियन पंडोह में भरती शुरू होगी। उन्होंने बताया कि भरती प्रक्रिया कंप्यूटराइज्ड होगी। भरती ग्राउंड में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि भरती के लिए दलालों के झांसे में न आएं।

Related posts