सेईकोठी पुल के पास मिली लाश

तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा के सेईकोठी पुल के पास एक व्यक्ति की लाश मिली है। इस शव को अभी तक घटना स्थल से नहीं निकाला गया है। जानकारी के मुताबिक नंद लाल पुत्र ध्याना निवासी सेईकोठी भंजराडू छिंज मेले से घर जा रहा था। इस दौरान बुधवार रात करीब 12 बजे पांव फिसलने से वह 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने खाई से शव को निकालने के लिए जिला मुख्यालय से दमकल की टीम बुलाई। दमकल की टीम चार बजे के क रीब घटना स्थल पर पहुंच गई, लेकिन दमकल की टीम ने शव को निकालने से हाथ खड़े कर दिए। दमकल विभाग के प्रभारी मुकद सिंह ने कहा कि शव काफी दूर है। इस कारण विभाग की टीम इस शव को निकालने में असमर्थ है। मृतक के भाई अमर सिंह ने बताया कि उसका बड़ा भाई नंद लाल भंजराडू छिंज मेला देखना गया था। वीरवार को सुबह स्थानीय लोग घटनास्थल से गुजर रहे थे। इस दौरान खाई में ग्रामीणों ने सेईकोठी पुल के पास एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई देखी। इसकी सूचना उन्होंने अपने आस-पड़ोस के लोगों को दी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दो होमगार्ड को घटनास्थल पर तैनात तैनात कर दिए हैं। इस संदर्भ में एसएचओ शरीफ मोहम्मद ने बताया कि मृतक के भाई ने दूरबीन के माध्यम से शव को पहचान लिया है। मृतक के सिर पर गहरी चोटें आई है। शव को निकालने के लिए दमकल की टीम बुलाई थी, लेकिन शव को नहीं निकाल पाई। उन्होंने कहा कि एसडीएम से बात करके राफ्टिंग की टीम को बुलाया जाएगा। इसके बाद शव को निकालेगा।

Related posts