सृष्टा की हत्या करने का लगाया आरोप

नूरपुर (कांगड़ा)। छतरोली गांव में विवाहिता सृष्टा की संदिग्धावस्था में मौत के मामले में उसके परिजनों ने ससुराल वालों के खिलाफ सुनियोजित साजिश के तहत हत्या करने व तथ्यों को छिपाने के संगीन आरोप लगाए हैं।
शनिवार को लोधवां पंचायत के प्रधान तिमर सिंह, उप प्रधान सुमित सिंह, बीडीसी सदस्य अरविंद कुमार, महिला मंडल प्रधान चंद्रकांता की अगुवाई में मृतका के पिता राजू राम व भाई विजय कुमार समेत ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल डीएसपी नूरपुर राजीव अत्री से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने अपने आरोपों को पुख्ता करने के लिए पड़ोसियों के बयानों की कथित वीडियो सीडी समेत इस मामले की उच्चस्तरीय जांच किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह छतरोली गांव में सृष्टा देवी (35) पत्नी ओंकार सिंह की नींद में ही दम तोड़ने से मौत हो गई थी। ससुराल वालों के मुताबिक सोमवार की शाम खेतों में कीटनाशक स्प्रे करने के बाद रात को घर का कामकाज निपटा कर मृतका अपने कमरे में सोने चली गई थी और अगले दिन सुबह कमरे में उसका शव बरामद किया गया। उधर, मृतका के मायके वालों की मानें तो सृष्टा के ससुराल वाले पहले भी उसके साथ मारपीट करते थे। इससे पहले पंचायत में भी दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो चुका है। मृतका के पिता राजू राम व भाई विजय कुमार ने ससुराल वालों पर सृष्टा को जहर देकर हत्या करने तथा पुलिस से मौत से जुड़े तथ्यों को छिपाने का आरोप लगाया है। मृतका के परिजनों ने इस मामले से जुड़े तथ्यों की एक वीडियो सीडी भी पुलिस को सौंपी है। इसमें कथित तौर पर पड़ोसियों ने शव को बाहर से लाकर कमरे में रखने की बात कही है। उधर, डीएसपी नूरपुर राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकि से छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के असल कारणों का पता लगने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

एसडीएम ने किया मिनी सचिवालय का निरीक्षण
नूरपुर (कांगड़ा)। शहर के पुराने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मिनी सचिवालय भवन का शुक्रवार को एसडीएम अश्वनी सूद ने औचक निरीक्षण किया। संबंधित लोनिवि के अधिकारियों को इसका निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए मिनी सचिवालय में शिफ्ट होने वाले सरकारी कार्यालयों को कमरों के आवंटन को लेकर चर्चा की। साथ ही यहां अपने कार्यों को लेकर आने वाले लोगों सहित विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की सुविधा को देखते हुए कैंटीन की भी व्यवस्था करने का सुझाव दिया। उनके साथ डीएसपी राजीव अत्री व लोनिवि के एमएल कौंडल भी मौजूद रहे।

Related posts