
सलूणी (चंबा)। भारी बारिश के कारण विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत सूरी, किलोड़ और खरल का संपर्क पूरी तरह कट हो गया है। पंचायतों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर दो दिनों से आवाजाही ठप है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार लुहाणी के पास पेड़ गिरने के कारण मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप पड़ी हुई।
ग्राम पंचायत सूरी के प्रधान रत्न चंद, किलोड़ पंचायत के प्रधान डुम राम और खरल के उप प्रधान रवि कुमार का कहना है कि दो दिन पूर्व सड़क मार्ग पर भारी भरकम पेड़ गिरने से मार्ग बंद हो गया है। इससे आवाजाही में काफी मुश्किल हो रही है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग को इस बारे में अवगत करवा दिया है। विभाग ने अभी तक मार्ग को बहाल नहीं किया है। मार्ग बंद होने से लुहाणी तक आठ किलोमीटर तक पैदल सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों कैलाश चंद, नरेण सिंह, चमारू राम, चैन, राकेश, केहर सिंह, दौलत प्रकाश कुमार ने विभाग से मांग की है कि जल्द मार्ग को बहाल किया जाए। उधर, वन विभाग के डीएफओ लक्ष्मी शाह का कहना है कि जल्द ही पेड़ को काटकर मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा।
