
कसौली से बरोटीवाला लाए गए चोरी के 2 आरोपियों ने बरोटीवाला पुलिस के सामने जहां कई राज उगले हैं, वहीं बरोटीवाला पुलिस ने सूरजपुर से चोरी हुई एक कार को भी इन चोरों के जरिए शिमला के एक मैकेनिक से बरामद किया है। गौरतलब है कि 28 दिसम्बर को अर्की पुलिस ने 2 लोगों को ट्रैक्टर चोरी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था और उसके बाद इन चोरों को कसौली पुलिस रिमांड पर लाई थी। पुलिस फिर इन्हें बरोटीवाला पूछताछ के लिए लाई थी और दोनों चोरों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 9 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुष्टि करते हुए एसएचओ बरोटीवाला क्षमादत्त शर्मा ने बताया कि आरोपियों ने शिमला, अर्की व कई अन्य स्थानों पर वाहन चोरी की बात स्वीकारी है। इस आपराधिक वारदात में इनका एक और साथी भी है जिसकी पुलिस को तलाश है। बरोटीवाला पुलिस ने इस मामले में श्याम लाल (25) पुत्र गेपु राम निवासी गांव अड्ड पोस्ट ऑफिस धनावली रामपुर व निट्टू सिंह (24) पुत्र कमलानंद गांव एवं डाकखाना घासनी तहसील रोहड़ू शिमला को गिरफ्तार किया है।
इन दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रामपुर जंगी निवासी कृष्ण कुमार की कार जो सूरजपुर में उसने अपने ससुराल में साले के घर पार्क की थी को सूरजपुर से चोरी कर शिमला के पास छैला में निक्का राम नामक मैकेनिक को बेच दिया था जिसे बरोटीवाला पुलिस ने रिकवर कर लिया है।
एसपी अरुल कुमार ने बताया कि पुलिस ने गिरोह के 2 सदस्यों से रिमांड के दौरान कई राज उगलवाए हैं। पुलिस ने चोरों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें 9 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि रिमांड के दौरान इन चोरों से क्षेत्र से चोरी हुई अन्य गाडिय़ों का भी खुलासा होने की संभावना है।
