
गैहरा (चंबा)। चंबा-भरमौर मार्ग पर गैहरा के बत्ती दी हट्टी के पास एक टाटा सूमो दुर्घटनाग्रस्त होकर रावी नदी के किनारे जा गिरी। इसमें तीन लोग सवार थे। गाड़ी गिरने से तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उनमें से एक घायल युवक ने जख्मों का ताव न सहते हुए जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। बाकी दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लूणा से गैहरा जा रही टाटा सूमो (नंबर एचपी 01 सी 0711) शनिवार सुबह करीब सात बजे बत्ती दी हट्टी के पास अचानक अनियंत्रित होकर रावी नदी के किनारे खाई में जा गिरी। सूमो में सवार संजय शर्मा (40) पुत्र प्रकाश चंद गांव थोकला डाकघर रूणुकोठी तहसील भरमौर, जूली कुमार (21) पुत्र सुदेश राज गांव गलथान/दुंदेही डाकघर छतराड़ी व विपन कुमार (33) पुत्र जरम सिंह निवासी गांव भनौता को लोगों ने खाई से बाहर निकाला। राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा के ईएमटी दीपक पायलट, पंडित सुरेंद्र ने मौके पर जाकर घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर एक युवक जूली ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि तीनों लोग भरमौर क्षेत्र के लूणा में स्थित चिरचंड प्रोजेक्ट में कार्यरत हैं। उधर, हादसे में मारे गए युवक का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह जिला अस्पताल में किया गया और शव परिजनों के हवाले कर दिया। उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम चौहान ने बताया कि सूमो हादसे में एक युवक की मौत हो गई। उत्तराखंड निवासी फोरमैन प्रकाश चंद पुत्र जगदीश शाह गांव गुवाला तहसील करन प्रयाग की शिकायत पर आईपीसी की धारा 279, 337, 304 ए के तहत चालक संजय के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
