
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। पंचरुखी ब्लॉक के बाद अब नगरोटा बगवां के अधिकारियों को भी सांसद सुशांत बैठक से वापस लौटा दिया।
नगरोटा बगवां हल्के में सांसद निधि से हुए विकास कार्यों की समीक्षा करने यहां पहुंचे लोकसभा सांसद डा. राजन सुशांत ने समीक्षा बैठक के दौरान अधूरे रिकार्ड के साथ पहुंचे कुछ विभागों के अधिकारियों को पूरा रिकार्ड लाने के लिए वापस भेज दिया। बैठक में डा. सुशांत ने सभी विभागों की उपस्थिति का ब्योरा तलब किया। बाद में बैठक आरंभ की गई। मुख्यत: केंद्र सरकार की योजनाओं पर केंद्रित इस समीक्षा बैठक में डा. सुशांत के समक्ष अधिकारियों ने इस हलके में क्रियान्वित की जा रही योजनाओं का विस्तृत ब्योरा रखा। समीक्षा बैठक के दौरान क्षेत्र की कई पंचायतों में पेयजल समस्या के कई मुद्दे उठे, जिन्हें लेकर डा. सुशांत ने अधिकारियाें को समय सीमा तय करके लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। डा. सुशांत ने अधिकारियाें को निर्देश दिए कि खंड विकास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों की समय-समय पर होने वाली बैठकों में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा कर उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं की पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं। इस मौके पर एसडीएम कांगड़ा अजीत भारद्वाज, तहसीलदार बाल कृष्ण चौधरी, बीडीओ (आईएएस) ऋग्वेद सिंह, बीएमओे डा. विनोद चौधरी, अन्य विभागों के अधिकारी, नगर परिषद अध्यक्ष हिमांद्री सोनी, पूर्व मंडल भाजपा अध्यक्ष सुशीला भाटिया, अमित शर्मा तथा अन्य कई लोग उपस्थित थे। इस मौके पर उन्हाेंने जनसमस्याएं भी सुनी गईं।
समय पर हो मनरेगा का क्रियान्वयन : सुशांत
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। सांसद डा. राजन सुशांत ने कहा कि मनरेगा तथा केंद्र सरकार की अन्य योजनाओं के कार्य समय पर होने चाहिए ताकि इन योजनाओं से पात्र लोग वंचित न रह जाएं। नगरोटा बगवां में एमपी फंड के विकास कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे डा. सुशांत ने पत्रकार वार्ता में कहा कि केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पार्टियों की राजनीति व जनप्रतिनिधियों की आपसी रंजिश आड़े नहीं आनी चाहिए। प्रदेश आर्थिक रूप से कमजोर है तथा अधिकतर कार्य केंद्रीय योजनाओं से ही हो रहे हैं। इसलिए जनता को इनका पूर्र्ण लाभ मिलना चाहिए। नगरोटा बगवां विकास खंड द्वारा मनरेगा कार्यों की स्थिति संतोषजनक है
