सुशांत की हर घर में दस्तक

फतेहपुर (कांगड़ा)। सांसद राजन सुशांत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार वह किसी राजनैतिक अशांति के कारण नहीं, बल्कि धार्मिक आयोजन के लिए फतेहपुर विस क्षेत्र के हरेक निवासी को निमंत्रण देने के तरीके पर चर्चा में हैं।
दरअसल सांसद राजन सुशांत के निवास स्थान देहरी में 18 मई को धार्मिक आयोजन के तहत भंडारे के साथ भगवती जागरण है। पिछले 4 दिनों से सुशांत खुद हर पंचायत में दस्तक देकर पूरी पंचायत के निवासियों को निमंत्रण दे रहे हैं। गौर करने वाली बात यह है कि कट्टर कांग्रेसियों के साथ-साथ सांसद से 36 का आंकड़ा रखने वाले नाराज भाजपाइयों को भी निमंत्रण दिया जा रहा है। वहीं जहां सांसद खुद नहीं पहुंच पा रहे, वहां उनके समर्थक निमंत्रण पत्र पहुंचा रहे हैं। यह सुनिश्चित किया गया है कि फतेहपुर का कोई भी बाशिंदा बिना निमंत्रण के रह न जाए। वहीं राजनैतिक समीक्षक इसे भी सांसद की राजनैतिक सूझबूझ का एक हिस्सा मान रहे हैं। दरअसल सांसद के घर हर साल भंडारा होता है। लेकिन इस बार हर रूप से भंडारे का आयोजन बदला हुआ सा है। वहीं टिकट के कई दावेदारों से सांसद राजन सुशांत का 36 का आंकड़ा जगजाहिर रहा है। लेकिन टिकट न मिलने से भाजपा हाईकमान से अंदरखाते नाराजगी के साथ साथ सुशांत विरोधी रहे कुछ नेता अब सांसद के प्रति नरम रुख में बात कर रहे हैं। हालांकि अभी तक सांसद तथा उनसे नाराज रहे नेता एक साथ नहीं दिखे, लेकिन दोनों तरफ से दिख रही नरमी कुछ नया रंग दिखा सकती है। फिलहाल राजनैतिक समीक्षक 18 मई को फतेहपुर की राजनैतिक हलचल के नए द्वार खुलने से जोड़ रहे हैं। अब देखना रोचक होगा कि 18 मई को होने वाला पूर्ण रूप से धार्मिक रहता है और इसमें कितने फतेहपुर वासी भाग लेंगे।

Related posts