
बिलासपुर। पुलिस की गश्त के बावजूद चोरी की घटनाएं घट रही है। बिलासपुर में चोरियां बढ़ने लगी हैं। लोग स्वयं अपनी संपत्ति को लेकर लापरवाह हो गए हैं या फिर पुलिस की ढील। इतना जरूर है कि चोरी की बढ़ती घटनाओं से यह जरूर लग रहा है कि लोगों की संपत्ति सुरक्षित नहीं रही। आए दिन लोगों के घरों में ताले टूट रहे हैं। ज्वेलरी, नकदी तो दूर चोर मिड डे मील का राशन तक नहीं छोड़ रहे।
जनपद बिलासपुर में चोरी की वारदातों का ग्राफ बढ़ने लगा है। पुलिस प्रशासन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। चोरी के अधिकतर मामले ट्रेस नहीं हो पाए हैं। चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोग चिंतित हो गए हैं। हाल ही में चोरों ने चांदपुर पंचायत भंदवाड़ गांव में लाखों के गहनों पर हाथ साफ किया। शहर की हाउसिंग बोर्ड कालोनी में पुलिस की गश्त के दौरान चोरों ने बड़ी ही मुश्तैदी से दो घरों के ताले तोड़े। शहर के गुरुद्वारा चौक समीप सुनार की दुकान पर चोरों ने चोरी की घटना हो चुकी है। इसमें भी चोर लाखों के गहने ले उड़े। लखनपुर में करियाना की दुकान, जुखाला में हार्डवेयर की एक दुकान में चोरी की घटना का अंजाम दिया। जुखाला क्षेत्र में ही चोरों ने एटीएम तथा घुमारवीं क्षेत्र में वकील के घर चोरी की वारदात हुई। करीब एक सप्ताह में हुई इन चोरी की घटनाओं के चलते जिला में चोरियाें का ग्राफ बढ़ गया है। शहर में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर नगर परिषद पार्षदों ने भी चिंता जताई है। नगर परिषद उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यम की अगुवाई में पार्षदों ने एसपी अनुपम शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। इस दौरान शशीबाला, वीरदीन, सोमा देवी, सोनिया, सोनिका, निर्मला राणा, आदित्य मोहन मौजूद थे।
पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने कहा कि चोरी के मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाया जा रहा है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
