
चंबा। जिला अस्पताल में स्थित ब्लड बैंक की क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत न होने से यहां बारिश में लगातार पानी टपक रहा है। इससे यहां लगे हाई वोल्टेज विद्युत तारों और मीटर के पास काफी सीलन हो गई है। इससे यहां लगी एल्लुमिनियम की फिटिंग में करंट आने से हादसे का भी खतरा बना हुआ है।
छत की मरम्मत न होने से बारिश का सारा पानी ब्लड बैंक में घुस रहा है। इससे ब्लड बैंक में कार्य प्रभावित हो रहा है। ब्लड बैंक में कार्य कर रहे कर्मचारियों को दिक्कतें पेश आ रही है। ब्लड बैंक में बारिश का पानी घुसने से वहां पर रखा सामान भी गिला हो गया है। जिस जगह से छत टपक रही है, उसी दीवार पर बिजली का मीटर लगा है। यह समस्या काफी पुरानी है और इस समस्या को कई दफा प्रशासन व विभाग के ध्यान में लाया जा चुका है। यही नहीं हाल ही में ब्लड देने ब्लड बैंक गए उपायुक्त संदीप कदम को भी इस समस्या के बारे में बताया गया था और उपायुक्त ने स्थिति का जायजा लेकर जल्द कार्रवाई करने की बात कही थी। लेकिन अभी तक ब्लड बैंक की क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत नहीं की गई है। छत से टपक रहे पानी से दीवारों पर लगा पेंट उखड़ गया है और दीवारों पर काई जमने लगी है। समय रहते क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत नहीं की गई, तो बिजली के उपकरण जल सकते हैं और इससे वहां पर कार्य करने वाले लोग हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ सकते हैं। उधर, इस संबंध में उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि इसके लिए इस्टीमेट बनाने के आदेश दिए गए हैं। जल्द इसकी मरम्मत कर दी जाएगी
