सुमाड़ी, तिलवाड़ा के लोगों ने दी स्कूल को भूमि

तिलवाड़ा। दैवी आपदा से जमींदोज हुआ जीआईसी तिलकनगर के नव निर्माण के लिए कॉरपोरेट सेक्टर आगे आ रहे हैं। सुमाड़ी और तिलवाड़ा के ग्रामीणों ने भूमि दान देने के लिए सहमति जताते हुए प्रस्ताव शिक्षा विभाग को दे दिया हैं।
जलप्रलय के दौरान मंदाकिनी नदी द्वारा किए गए कटाव से नदी से करीब 500 मीटर ऊपर जीआईसी तिलकनगर का भवन धराशायी हो गया था। वर्तमान में विद्यालय के अधीन पूरी जमीन भू-धंसाव से बर्बाद हो गई है।
कॉरपारेट सेक्टर से हीरो मोटोकॉर्प और रिलायंस फाउंडेशन ने नए भवनों के निर्माण हेतु मदद का प्रस्ताव दिया है। वर्तमान में विद्यालय अस्थायी रूप से सुमाड़ी भरदार में आंगनबाड़ी भवन, प्राथमिक विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष-कक्षा, एएनएम सेंटर और कॉरपोरेट सेक्टर द्वारा दिए गए टेंटों में संचालित हो रहा है। पीटीए अध्यक्ष बस्ती लाल का कहना है कि कंपनियां विद्यालय भवन निर्माण की जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं। ग्रामीणों ने जमीन उपलब्ध कराने में सहमति जताई है।

दोनों स्थानों पर भवन निर्माण के संबंध में प्रधानाचार्य से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने पर डीएम को दे दी जाएगी। -हरीशंकर वर्मा, सीईओ रुद्रप्रयाग

Related posts