
हल्द्वानी। शहर के सुभाषनगर मोहल्ले में एक ऐसा क्षेत्र भी जहां 15 परिवार साल भर से पेयजल को तरस रहे हैं। पेयजल आपूर्ति ठप होने की वजह से लोगों को आसपास के क्षेत्र से पानी ढोकर लाना मजबूरी बन चुकी है। जलसंस्थान ने इस समस्या का समाधान तो नहीं कराया, मगर लोगों के गुस्से को शांत करने के लिए पानी का टैंकर भेजकर आपूर्ति करा देता है।
सुभाषनगर मोहल्ले में खालसा स्कूल के पीछे आयुर्वेदिक अस्पताल के पास गली में रमेश चंद्र जोशी, मोहन चंद्र भट्ट, ज्योति रावत, हरीश माहेश्वरी, शाहजी, अमित बुड़ाकोटी, दुर्गा देवी, गंगा देवी समेत करीब 15 परिवार रहते हैं। लोगों का कहना है कि पेयजल लाइन में खराबी आने के कारण उनके यहां पिछले एक साल से पेयजल की आपूर्ति ठप है। जलसंस्थान कार्यालय जाकर कई बार शिकायत कर चुके हैं, मगर आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। बल्कि यह कह दिया जाता है कि प्रेशर कम होने की वजह से उनके क्षेत्र में पानी पहुंचाना मुश्किल है। लोगों का कहना है कि मोहल्ले में कुछ प्रभावशाली लोगों के घरों तक चार इंच की पाइप लाइन से पानी पहुंचाया जा रहा है। अगर पेयजल सप्लाई जल्द दुरुस्त नहीं हुई तो वे अधिकारियों का घेराव करेंगे। जलसंस्थान के सहायक अभियंता जीडी पंत का कहना है कि पेयजल समस्या को दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। जब तक समस्या दूर नहीं होती तब तक इलाके में टैंकर से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई है।
