
सुबाथू (सोलन)। सुबाथू के समीप ग्राम पंचायत कक्कडहट्टी के छह गांवों में दो दिनों से पेयजल सप्लाई बाधित है जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की आबादी 1000 से अधिक है। ग्रामीणों का आरोप है कि आईपीएच विभाग आए दिन गांवों में सप्लाई रोक देता है जिसके बारे में पहले कोई सूचना नहीं दी जाती। गांव के समीप में बावड़ियां व हैंडपंप भी नहीं है जिससे महिलाओं को पानी लेने के लिए दूर जाना पड़ता है वहीं घर के कामकाज में भी खासी दिक्कतें आती हैं।
स्थानीय गांव रड़ियाणा, कक्कड़हट्टी, तलौना, शील, जाड़ला व गार के निवासी राजकुमार, राकेश, गौरव, दीपक, संतराम, महेंद्र कुमार व मनोज का कहना है कि पेयजल सप्लाई बाधित होने से उन्हें खासी दिक्कतें आ रही है। रोजमर्रा के गुजारे के लिए दूरदराज बावड़ी व हैंडपंप के सहारे पानी लाना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि वह पेयजल सप्लाई बाधित न करें। इस बारे में सुबाथू आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता हीरा लाल ने बताया कि पानी की पाइपों में रिसाव समस्या के चलते पाइपें बदलने का कार्य चला हुआ है। जल्द ही सप्लाई चालू की जाएगी।
