
नयनादेवी (बिलासपुर)। नयनादेवी क्षेत्र के एक गांव की एक नाबालिग गत सोमवार को लापता हो गई। परिजनों ने मंगलवार सुबह रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बेटी की गुमशुदगी के मामले में एक युवक पर संदेह भी जताया। इस पर तत्काल हरकत में आते हुए पुलिस ने नाबालिग को चंडीगढ़ से बरामद कर लिया। इस मामले में नामजद आरोपी के साथ ही पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार भी कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जमा दो में पढ़ने वाली उसकी 17 वर्षीय बेटी गत सोमवार को रोजमर्रा की तरह घर से स्कूल गई थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो उसने सगे-संबंधियों, रिश्तेदारों व जान-पहचान के अन्य लोगों से संपर्क साधा, लेकिन बेटी का कुछ पता नहीं चल पाया। उसने संदेह जताया कि लखाला गांव निवासी ज्ञानचंद का पुत्र मोहित उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर नयनादेवी के डीएसपी सोमदत्त के निर्देश पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 363 व 366 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद फौरन हरकत में आई पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान पुख्ता सूचना मिली कि लापता नाबालिग चंडीगढ़ में है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को ही छात्रा को चंडीगढ़ से बरामद कर लिया। इस मामले में नामजद आरोपी मोहित पुत्र ज्ञानचंद के साथ ही मोहित पुत्र नसीब चंद को भी गिरफ्तार किया गया है। अगली कार्रवाई की जा रही है।
