सुनेश की अंतिम यात्रा में उमड़ा जन सैलाब

औहर (बिलासपुर)। सियाचिन ग्लेशियर पर देश की इफाजत में तैनात डोगरा रेजीमेंट के जवान सुनेश कुमार की अंतिम यात्रा में आज विशाल जन सैलाब उमड़ा। शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए प्रशासनिक अमले के अलावा जन प्रतिनिधि और आम जनता उमड़ी। औहर स्थित पैतृक गांव के शमशान घाट में सोमवार को सुनेश का अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई विनोद कुमार ने उसे मुखाग्नि दी। सुनेश अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी समेत पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
सियाचिन ग्लेशियर में 18 जनवरी को हिमखंड गिरने से कुछ सैनिक दब गए थे। इनमें बिलासपुर की औहर पंचायत के औहर गांव का सुनेश कुमार भी शामिल है। वह पिछले कई सालों से यहां तैनात थे। सोमवार दोपहर शहीद का शव बिलासपुर लाया गया। इसके बाद अंतिम संस्कार की रस्म निभाई गई। सैन्य सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार हुआ। सुनेश का यूं जाना सबको दुखी कर गया है। शमशान घाट पर परिजन जहां जवान बेटे के जाने से गमगीन दिखे वहीं आम जनता भी अपने आंसू नहीं रोक पाई।
मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी, विधायक बंबर ठाकुर, भाजपा नेता राजेंद्र गर्ग, डीएसपी घुमारवीं मनोज जंबाल, तहसीलदार, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर राघवा नंद, सूबेदार प्रकाश चंद, कैप्टन अमर नाथ, देवेंद्र सिंह, हवलदार सुखदेव, लेख राम, शिव कुमार समेत कई लोग शहीद को अंतिम विदाई देने पहुंचे। उधर, 20 सूत्रीय कार्यक्रम के अध्यक्ष राम लाल ठाकुर, विधायक रिखी राम कौंडल, रणधीर शर्मा, भाजपा नेता रिखी राम कौंडल समेत कईयों ने जवान की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है।

Related posts