
नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। एम्स के फरेंसिक्स डिपार्टमेंट के हेड ने यह दावा करके सनसनी फैला दी है कि उनके ऊपर सुनंदा पुष्कर की मौत के मामले में गलत रिपोर्ट देने का दबाव डाला गया था।
डॉ. सुधीर गुप्ता ने इसकी शिकायत केंद्रीय सतर्कता आयोग (cvc).से की है। यही नहीं, शिकायत स्वास्थ्य मंत्रालय को भी भेजी गई है। डॉक्टर गुप्ता का आरोप है कि सुनंदा की मौत को सामान्य बताए जाने का दबाव बनाया गया था। उन्हें वह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं सौंपने दी गई, जिसमें उनकी मौत की वास्तविक स्थिति थी। सुनंदा मामले में डॉ. हर्षवर्धन ने AIIMS से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। स्वास्थ मंत्री ने कहा कि उन्हें डॉ. सुधीर गुप्ता का पत्र मिला।
गौरतलब है कि सुनंदा पुष्कर का शव चाणक्यपुरी स्थित होटल लीला पैलेस के कमरा नंबर 345 से बरामद हुआ था। पाकिस्तानी महिला पत्रकार मेहर तरार के शशि थरूर से कथित संबंधों को लेकर दंपत्ति के बीच ट्विटर विवाद सामने आया था। शशि थरूर और सुनंदा पुष्कर की यह तीसरी शादी थी। सुनंदा का एक 21 साल का बेटा शिव मेनन है। यह उनकी दूसरी शादी से था।
हमेशा किसी न किसी विवाद या किसी अन्य वजह को लेकर सुर्खियों में रहने वाले इस जोड़े के बारे में बताया जाता है कि किसी कथित प्रेम संबंध को लेकर उनकी कहा सुनी हुई थी, जिसका पता उस समय चला था जब थरूर ने दावा किया था कि उनका ट्विटर एकाउंट हैक कर लिया गया है। मेहर तरार ने अपना पक्ष रखते हुए पुष्कर के इन आरोपों से इनकार किया था कि वह थरूर के पीछे पड़ी हैं या उनके साथ उनका कोई संबंध है।
