
नादौन (हमीरपुर)। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने हमीरपुर के सुजानपुर में आयोजित रैली में हिमाचल के औद्योगिक पैकेज सहित अन्य मुद्दों के बारे में भ्रामकता फैलाने का प्रयास किया है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने रैली में प्रदेश के औद्योगिक पैकेज को यूपीए सरकार द्वारा बंद करने के बारे में झूठ बोला है। हिमाचल प्रदेश का औद्योगिक पैकेज वर्ष 2017 तक बढ़ाया गया है। कहा कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने औद्योगिक पैकेज की समय सीमा जनवरी माह में 3 वर्ष के लिए बढ़ा दी है। उन्होंने मोदी के उस बयान को भी भ्रामक बताया जिसमें उन्होंने कहा कि प्रदेश से उद्योग बंद हो रहे हैं। कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में औद्योगिक विकास बढ़ा है। इसका सारा श्रेय यूपीए व प्रदेश सरकार को जाता है। सुक्खू ने कहा कि भाजपा नेता विदेशों से काला धन वापस लाने का राग अलाप रहे हैं और काला धन भारत वापस लाने के मामले में कांग्रेस व यूपीए सरकार को बदनाम कर रहे हैं, जबकि एनडीए सरकार के कार्यकाल में भाजपा नेताओं को सांप सूंघ गया था।
