सुक्खू ने पढ़ाया एकजुटता का पाठ

मंडी। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मंडी पहुंचे सुखविंद्र सिंह सुक्खू का पार्टी कार्यकर्ताओं ने गरमजोशी के साथ स्वागत किया। बारिश के बाद भी पूरे जिले से भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मंडी पहुंचे थे। भ्यूली स्थित बिपाशा सदन में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के साथ ही एकजुटता की नसीहत दी। बैठक में चुनाव के दौरान पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ भितरघात करने वालों के पहुंचने से कार्यकर्ताओं ने खूब हंगामा किया। यहां तक कि नौबत हाथापाई तक पहुंच गई थी। हालांकि किसी तरह से कार्यकर्ताओं को शांत किया गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुखबिंद्र सुक्खू ने कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए जल्द ही ब्लाक स्तर का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं का पूरा सहयोग मिल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में हार-जीत तो होती रहती है, लेकिन हमें उसके कारण ढूंढने चाहिए। कार्यकर्ताओं को विश्वास में लेकर आगे बढ़ाना चाहिए और नए लोगों को पार्टी में लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री पंडित सुखराम को उनके राजनीतिक कार्यों द्वारा हमेशा याद किया जाएगा।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा, पूर्व मंत्री पंडित सुखराम, विधायक सोहन लाल, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, पूर्व मंत्री नत्था सिंह, सुरेंद्र पाल, चंद्रशेखर, प्रो. बीर सिंह, जिला अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, रहमत अली खान, दिनेश शर्मा, कुंदन ठाकुर, संजय शर्मा आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts