सुंदरनगर में डिपुओं से नदारद है राशन का कोटा

सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली व उपदान के तहत मिलने वाला राशन अब तक डिपुओं में नहीं पहुंचा है। इसके कारण डिपुओं में पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। डिपुओं में राशन का कोटा न मिलने का कारण मुख्य गोदामों में सरकार की ओर से आने वाली सप्लाई न आना प्रमुख कारण है। समय पर राशन न मिलने से उपभोक्ताओं में भी रोष है।
सुंदरनगर उपमंडल में करीब 20 हजार राशनकार्ड उपभोक्ता हैं, जो इस बार प्रदेश सरकार की ओर से मार्च व मई माह के उपदान पर मिलने वाले राशन कोटे को एक साथ मिलने की सरकार की घोषणा से खुश थे, परंतु उनकी खुशी डिपुओं में जाते ही हवा हवाई हो जाती हैै। यहां पर मार्च माह का राशन तो क्या, मई माह का कोटा भी अब तक नहीं पहुंचा है। उपमंडल के किसी भी डिपो में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला न तो चावल, चीनी, गेहूं व आटा है और न ही उपदान पर मिलने वाला सरसों का तेल, मूंग, मसर व मास। राशन न मिलने से पहली तारीख में राशन लेने वाले उपभोक्ताओं को बाजार से महंगे दामों पर इन्हें खरीदने को मजबूर होना पड़ रह है। स्थानीय निवासी हेमराज, यशपाल, कृष्ण चौहान, प्रेम सिंह, जितेंद्र कटोच, राकेश शर्मा व रोशन लाल का कहना है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें पूर्व सरकार के समय चरमराई सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सुधार की आस जगी थी, जो अब हवा होने लगी है। उनका कहना है कि इस सरकार को आए हुए पांच माह होने वाले हैं, परंतु अब तक यह व्यवस्था में सुधार नहीं कर पाई। इसका खामियाजा महंगाई की मार झेल रही जनता को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से समय में राशन उपलब्ध करवाने की मांग की है।
सुंदरनगर में तैनात खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक सुनीता राणा का इस बारे में कहना है कि स्टोर में मई माह का कोटा पहुंच गया है, जिसे शीघ्र ही डिपुओं में आवंटित कर दिया जाएगा। मार्च माह का कोटा अब तक स्टाक में नहीं आया है। जैसे ही वह मिलेगा, उसका भी आवंटन कर दिया जाएगा।

Related posts