
सुंडला (चंबा)। सुंडला बाजार में आग लगने से एक मकान राख हो गया है। घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम चार बजे के करीब शार्ट सर्किट होने के कारण किरपा राम के मकान में आग लग गई। हादसे में मकान में किराये पर रह रहे अनिल बसंत और लांबो देवी को भी लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारण भवन की दूसरी मंजिल पूरी तरह से जलकर राख हो गई है। इसके अलावा पहली मंजिल को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। इस मकान की पहली मंजिल में डाकघर चल रहा है। अगर पहली मंजिल में लग जाती तो डाकघर में सब कुछ जलकर राख हो जाता। स्थानीय पंचायत प्रधान खेम राज ने बताया कि जैसे ही आग लगी। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। उन्होंने कहा कि साढ़े चार बजे के करीब सुरंगानी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा एक गाड़ी चंबा से भी पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। उल्लेखनीय है कि लगभग चार साल पहले भी सुंडला बाजार में आग लगी थी। आग लगने से लगभग 20 दुकानें और मकान जलकर राख हो गए थे। स्थानीय निवासी पवन कुमार, देस राज, चमन लाल, हेम राज, विपिन कुमार, विनय और दिनेश ने सुंडला में अग्निशमन केंद्र खोलने की मांग की है।
