सुंगल के तीन गांवों में पेयजल किल्लत

चंबा। ग्राम पंचायत सुंगल के चंदरोली, पंजूण, सुकयाण में तीन सप्ताह से सुचारु रूप से पानी नहीं आ रहा है। गांवों में पानी न आने से हाहाकार मच गया है। ग्रामीणों कालू राम, दुर्गा दास, तनु, दीपक, सोनू, सुरेश, संजू, बालक ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन सप्ताह से पेयजल की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पेयजल की समस्या के समाधान के लिए विभाग की तरफ से अभी तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। पेयजल समस्या का स्थायी समाधान न होने से लोगों में विभाग के प्रति काफी रोष है। क्षेत्र के दौरे पर गए भाजपा नेता व पूर्व बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डा. डीके सोनी के समक्ष ग्रामीणों ने अपनी समस्या रखी और जल्द समस्या के समाधान की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने बताया कि पानी लाने के कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। मवेशियों के लिए भी पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। इससे काफी मुश्किलें पेश आ रही हैं। डा. सोनी ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के समस्या के बारे में अवगत कराया जाएगा। इन गांवों के लिए पेयजल की सप्लाई करंगड-बरोडी लाइन से की जाती है।
इस संबंध में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ रवि महाजन ने बताया कि समस्या ध्यान में नहीं है। अगर ऐसा है तो संबंधित क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता को समस्या के समाधान के लिए सख्त आदेश दिए जाएंगे।

Related posts