
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। प्रदेश के एकमात्र केंद्रीय विवि को देहरा या धर्मशाला में खोलने को लेकर जारी सियासत और गरमा सकती है। प्रदेश सरकार के शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा की ओर से केंद्रीय विवि का धर्मशाला में शीघ्र शिलान्यास किए जाने के हालिया बयान के बाद देहरा क्षेत्र में खलबली मची हुई है। कांग्रेस पार्टी के सूत्र बताते हैं कि प्रदेश सरकार अगले माह नवंबर में केंद्रीय विवि का शिलान्यास कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से कराने को लेकर तैयारी कर रही है। कांग्रेसियों की मानें को शिलान्यास की तारीख भी तय कर ली गई है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्मदिवस की तारीख 19 नवंबर को धर्मशाला में शिलान्यास करवाए जाने की योजना है। हालांकि, अभी तक केंद्रीय विवि के शिलान्यास की तारीख की अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और न ही कोई कांग्रेसी नेता इस पर कुछ बोलना चाहता है। नेताओं की मानें तो आगामी लोस चुनाव को देखते हुए सरकार साल के खत्म होने से पहले सीयू का शिलान्यास कर लेना चाहती है, ताकि इसका फायदा कांग्रेस पार्टी कांगड़ा-चंबा लोस सीट पर उठा सके और भाजपा का गढ़ हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले देहरा उपमंडल में भाजपा को नुकसान हो। देहरा हलके के विधायक और पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि का कहना है कि अधिकारिक घोषणा के बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा।
