सीमेंट से बनेंगी धर्मशाला की 48 सड़कें

धर्मशाला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने धर्मशाला में ज्वाहर लाल नेहरू शहरी नवीकरण मिशन के अंतर्गत छोटे एवं मध्यम शहरों के लिए शहरी अधोसंरचना विकास योजनाओं से धर्मशाला शहर में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के निर्माण और स्तरोन्नयन के लिए भूमि पूजन किया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि धर्मशाला शहर में करीब 21 करोड़ रुपये व्यय कर 29.758 किलोमीटर लंबी 48 सड़कों को सीमेंट में स्तरोन्नत किया जाएगा। धर्मशाला शहर को इस परियोजना के तहत तीन भागों में विभाजित किया गया है। इनमें मैकलोडगंज क्षेत्र में 10क़लोमीटर लंबे 11 मार्ग, धर्मशाला में 8.724 किलोमीटर लंबे 24 मार्ग और रामनगर एवं श्यामनगर क्षेत्र में 10.767 किलोमीटर लंबे 13 मार्ग शामिल हैं। राज्य शहरी विकास विभाग में 27 मई, 2013 को भारत सरकार को परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रेषित की गई। इसके लिए 22 अक्तूबर, 2013 को भारत सरकार नेे प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। प्रदेश सरकार राज्य के दूसरे सबसे बड़े शहर धर्मशाला के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।
धर्मशाला में सबसे अधिक वर्षा होती है। इससे सड़कों को काफी नुकसान होता है, जो शहर की सुंदरता को प्रभावित करता है। इससे पर्यटन गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने धर्मशाला प्रेस क्लब के भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इस मौके पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा परिवहन मंत्री जीएस बाली, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, विधायक संजय रतन, पवन काजल और यादविंद्र गोमा, पूर्व सांसद चंद्र कुमार, केसीसीबी के उपाध्यक्ष कुलदीप पठानिया, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, राज्य महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मनभरी देवी, उपायुक्त सी पालरासू, पुलिस अधीक्षक बलवीर ठाकुर, अध्यक्ष केसीसीबी कर्मचारी संघ पवन चौधरी आदि उपस्थित रहे

Related posts