सीमेंट के बैंच पर हो रहा उपचार

बरठीं (बिलासपुर)। समय दोपहर 12 बजे। स्थान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरठीं। एक नौजवान को इलाज के लिए लाया गया। अचानक चक्कर आने से बीमार हुए इस नौजवान के लिए अस्पताल में कोई बेड नहीं मिला। सीमेंट के एक बैंच पर लेटा कर उसका उपचार हुआ। बरठीं अस्पताल के हालात कुछ इस तरह के हैं। कहने को यहां अस्पताल जरूर है, लेकिन सुविधाएं नाकाफी।
राजनीतिक दलों के नुमाइंदों की आपसी खींचतान का दंश यहां के लोग आज भी झेल रहे हैं। राजनैतिक दलों के नुमांइदों की आपसी खींचतान में विकास को विराम सा लग चुका है। दर्जा तो सीएचसी का है, लेकिन भवन सहित अन्य सभी सुविधाएं पीएचसी के बराबर भी नहीं। भवन के लिए एक नेता ने पैसा मंजूर करवा रखा था और दूसरे नुमाइंदे ने आकर पीएचसी को सीएचसी का दर्जा दिलवा दिया। लेकिन, सीएचसी बनने के बाद भी भवन मात्र पीएचसी का ही बनाया गया। सीएचसी के चिकित्सालय में 30 बिस्तर होने चाहिए। अभी भी यहां मात्र 12 बिस्तर ही उपलब्ध है। 12:15 बजे ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ जुटी है। मरीजों से गिरे एक मात्र चिकित्सक उपचार कर रहे हैं। सीएचसी का दर्जा मिलने के बाद यहां चार डाक्टर होने चाहिए थे, लेकिन अभी भी यहां पर महज एक ही डाक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उपचार को पहुंचे देवेश, अनिता, अर्चना, रोहित ने कहा कि वह कई घंटे से लाइन में लगे हैं। अब तक नंबर नहीं लगा। 12:30 पर अमर उजाला अस्पताल के वार्ड में पहुंची तो जो दृश्य सामने था वह हैरान करने वाला था। 12 बिस्तरों की सुविधा वाले अस्पताल में 25 मरीज दाखिल हैं। एक बैंड पर दो मरीज रखे गए हैं। अस्पताल में दंत चिकित्सक के भी लगभग महीने में पांच सौ मरीज यहां आते हैं। लेकिन, सरकार ने बरठीं के लोगों के दांतों की परवाह किए बगैर चिकित्सक का यहां से तबादला कर दिया। अस्पताल में बिजली की व्यवस्था ठीक नहीं है। सफाई व्यवस्था बूरी तरह से चरमरा गई है। जगह-जगह कूडे़, पट्टियों और दवाइयों की खाली बोतलें व सिरिंज के ढेर लगे हैं। आंगन में बेहतरतीन वाहन खडे़ किए जा रहे हैं। इमरजेंसी में यदि एंबुलेंस निकाली पड़े तो आसान नहीं होगा। रात को मेडिकल स्टोर बंद रहते हैं। जिससे मरीजों को रात के समय दवाइयां नहीं मिलती। अस्पताल में दवाई की कोई व्यवस्था नहीं है। उधर, सीएमओ एमएल कौशल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह समस्त समस्याएं उनके ध्यान में हैं। जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।

Related posts