सीमा विवाद में झूल रहा शव

रे (कांगड़ा)। हिमाचल-पंजाब की सीमा पर स्थित रे क्षेत्र में शुक्रवार को पेड़ से लटकी मिली एक महिला की लाश का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। जानकारी के अनुसार रे के समीप पंजाब की सीमा पर वीरवार देर शाम गुज्जर समुदाय की महिला बगो बीबी की लाश पेड़ से लटकी मिली थी। महिला के मायके होशियारपुर में हैं और ससुराल फथाणा के साथ लगते पंजाब के वैली मुतरवा में हैं।
शुक्रवार को उसके परिजन बिना पुलिस को सूचित किए लाश को दफनाने हाजीपुर जिला होशियारपुर (पंजाब) जा रहे थे कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मृतका के मायके वालों को महिला की मौत की सूचना दी। मायके वालों ने पंजाब पुलिस को सूचित किया। लेकिन, पंजाब पुलिस ने हिमाचल की सीमा होने का हवाला देते हुए आगे फतेहपुर थाने को सूचित कर दिया। इस पर एएसआई आज्ञा राम की अगुवाई में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर भेज दिया। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पंजाब में होने का हवाला दिया तो राजस्व विभाग को तस्दीक करने के लिए बुलाया गया। फतेहपुर के नायब तहसीलदार पूर्ण चंद ने पटवारी कमल सिंह को मौके पर रवाना किया। उन्होंने राजस्व रिकार्ड के मुताबिक उक्त जमीन पंजाब में होने की पुष्टि की। इसके चलते मृतका के शव को वापस मंगवा लिया गया और मृतका की मौत की आगामी पुलिस कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को सूचित कर दिया। लिहाजा पंजाब पुलिस की टीम मौके पर तो पहुंच गई, लेकिन सीमा विवाद के चलते पंजाब पुलिस ने घटनास्थल के पंजाब में होने की तस्दीक के लिए अपने राजस्व महकमे को मौके पर बुलवा लिया। खबर लिखे जाने तक पंजाब सरकार के राजस्व विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था। लेकिन, फतेहपुर पुलिस के एएसआई आज्ञा राम ने कहा कि उक्त स्थान पंजाब में पड़ता है। लिहाजा अगली कार्रवाई पंजाब पुलिस ही करेगी। कुल मिलाकर सीमा विवाद के चलते मृतका का शव गाड़ी में इधर-उधर घूमता रहा।

Related posts