
रानीखेत। कदम-कदम बढ़ाए जा खुशी के गीत गाए जा गीत के साथ कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के 152 रिक्रूट थल सेना के अंग बन गए। सोमनाथ मैदान में कसम परेड के साथ धर्मगुरुओं ने रिक्रूटों को देश की आन-बान-शान की रक्षा की शपथ दिलाई। केंद्र के ब्रिगेडियर कमांडेंट केए महावीर ने परेड का निरीक्षण कर उन्हें हर हाल में देश की सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
यहां सोमनाथ मैदान में प्रात:काल सैन्य अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शपथ समारोह शुरू हुआ। मुख्य अतिथि केंद्र के कमांडेंट ब्रिगेडियर केए महावीर ने कहा कि देश सेवा से बड़ा कार्य कुछ भी नहीं है। जवान को हर हाल में देश की रक्षा के लिए समर्पित रहना चाहिए। सेना के धर्मगुरु सूबेदार एमसी लोहनी ने राष्ट्रध्वज और गीता को साक्षी मानकर 152 रिक्रूटों को शपथ दिलाई। परेड एड्ज्यूटेंट कमांडर इरविन और परेड कमांडर सिपाही कुबेर सिंह, सिपाही कमल बनकोटी, सिपाही सूरज दानी, सपाही अर्जुन कुमार और सिपाही अशोक सिंह के नेतृत्व में सेना की चार टुकड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि कमांडेंट को सलामी दी। प्रशिक्षण के दौरान अव्वल रहे सिपाहियों को कमांडेंट ने उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उप कमांडेंट कर्नल एमवीआर मुरली कृष्णा सहित केंद्र के सभी अधिकारी मौजूद थे।
