
शिमला। हिमाचल भाजपा महामंत्री एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि राज्य भाजपा ने वीरभद्र सरकार के एक साल के काले कारनामों का कच्चा चिट्ठा एक चार्जशीट के रूप में राज्यपाल को सौंपा है, इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और अन्य कांग्रेस नेता आजकल मोदी और धूमल फोबिया से ग्रस्त हैं। हिमाचल में कांग्रेस सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर हमीरपुर में हुई रैली भाजपा के इन दो नेताओं को ही समर्पित रही। ऐसा लगता है कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की पूरे देश में चल रही हवा से जहां कांग्रेसी नेता डर गए हैं, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के प्रति हिमाचल की जनता में बढ़ रहा स्नेह इन्हें सता रहा है।
कांग्रेस नेताओं के पास हिमाचल की जनता को बताने के लिए कुछ है भी नहीं, क्योंकि पूरा साल इस सरकार ने राजनीतिक विरोधियों को प्रताडि़त करने में लगा दिया। रणधीर शर्मा ने जारी प्रेस बयान में कहा कि कांग्रेस की यह रैली हर दृष्टि से फ्लाप रही। क्योंकि न तो इसमें कांग्रेस नेताओं की आशा के अनुरूप भीड़ जुटी और न ही इसमें हिमाचल की जनता के हितों के लिए किसी योजना या कार्यक्रम की घोषणा हुई। रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस नेताओं पर इस रैली में असभ्य भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है।
