
देहरादून। सीबीआई ने रुद्रपुर स्थित गैस अथॉरिटी ऑफ इण्डिया लिमिटेड (गेल) के एक अनुबंधित पटवारी को बीस हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। यह रकम गैस पाइप लाइन के लिए अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे के भुगतान के एवज में मांगी गयी थी। जिस अधिकारी के नाम पर पैसा लिया गया, उसकी गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है। गिरफ्तार अनुबंधित पटवारी को मंगलवार को सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रामहत गंज, रामपुर निवासी सुरजीत ने कुछ दिन पहले सीबीआई कार्यालय में इस संबंध में शिकायत की थी, जिसमें बताया गया था कि उसकी जमीन को गेल ने पाइप लाइन बिछाने के लिए अधिग्रहित किया है। इसके एवज में उसे मुआवजा राशि मिलनी है। नौ मई को वह गेल के रुद्रपुर स्थित दफ्तर गए, लेकिन मुआवजा अनुभाग गेल के अनुबंधित पटवारी शशिकांत ने मुआवजा राशि भुगतान के लिए 20 हजार रुपये बतौर रिश्वत की मांग की। उसने कहा कि यह रकम सक्षम अधिकारी को देनी है। शिकायतकर्ता को धमकी दी कि यदि उसने यह रकम नहीं दी, तो उन्हें मुआवजे का भुगतान नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर सीबीआई ने सोमवार को पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं सक्षम अधिकारी बीएस ओझा इस कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गया, जिसकी सीबीआई तलाश कर रही है। सीबीआई टीम ने आरोपी पटवारी को मंगलवार सीबीआई के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार गुप्ता की अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
