सीपीएस ने दो बसों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

रामपुर बुशहर। परिवहन निगम रामपुर की जेएनएनयूआरएम के तहत चलने वाली दो बसों को शुक्रवार को मुख्य संसदीय सचिव नंद लाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बसें ज्यूरी से कुमारसैन और कुमारसैन से वापस ज्यूरी तक चलेंगी। इन बसों को पूर्णरूप से आधुनिक सुविधाआें से लैस किया गया है। इसमें वाईफाई, जीपीएस सिस्टम ट्रेस करने के लिए मोबाइल सिम भी लगेगी, जो सारी जानकारी देगी। इसके अतिरिक्त इन बसों में चार स्क्रीनें लगी हैं, जिसमें रूट और बस स्टेशन डिसप्ले होंगे। इसके साथ ही इनमें तीन सीसीटीवी कैमरे एक माइक और एक हैड फोन लगा हुआ है। इसको आपातकाल में प्रयोग किया जा सकता है। दरवाजे के खुला रहने तक इसकी ब्रेक अपने आप ही बंद हो जाएगी। इन बसों में आम बसों के मुकाबले किराया 20 प्रतिशत कम है। इन बसों में किसी भी प्रकार का आईकार्ड और पास मान्य नहीं है। इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव नंद लाल ने कहा कि इस योजना के तहत केंद्र से पूरे प्रदेश में 75 बसें आई हैं। रामपुर परिवहन निगम में शीघ्र ही 40 नई बसें आ जाएंगी, जोकि रामपुर के सभी रूटों पर भेजी जाएंगी। पुराने बसों को नजदीकी परिवहन निगम के डिपुओं में भेज दिया जाएगा। खस्ताहाल बसों को बेच दिया जाएगा।
इस मौके पर उन्होंने परिवहन निगम की कार्यशाला का भी निरीक्षण किया। परिवहन निगम के कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं। कर्मचारियों ने सीपीएस को अवगत करवाया कि कार्यशाला का भवन जर्जर हालत में है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अतिरिक्त कार्यशाला में कर्मचारियों की कमी से कार्य को गति देने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से मरम्मत न होने से कार्यशाला परिसर में बड़े-बड़े गड्ढे पडे़ हुए हैं, जोकि कीचड़ से भरे रहते हैं। ऐसे में कर्मचारियों को गाड़ियों की मरम्मत करने में काफी समस्या होती है।

Related posts