सीधे चुनाव के पक्ष में महापौर परिषद

शिमला। अखिल भारतीय महापौर परिषद नगर पालिकाओं और नगर निगम में महापौर के डायरेक्ट चुनाव के पक्ष में है। 23 और 24 मार्च को नवी मुंबई में हुई अखिल भारतीय महापौर परिषद की दो दिवसीय बैठक में सीधे चुनाव कराने को लेकर प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में भाग लेकर लौटे महापौर संजय चौहान ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
संजय चौहान ने बताया कि नवी मुंबई में दूसरी बार हुई अखिल भारतीय महापौर परिषद का उद्घाटन 23 मार्च को महाराष्ट्र के आबकारी एवं कराधान मंत्री गणेश नाईक ने किया। दो दिन तक चली इस बैठक में महापौर के अधिकार बढ़ाने, महापौर का कार्यकाल बढ़ाने सहित कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि राज्य सरकारों को स्थानीय व्यवस्था को पूरी स्वतंत्रता देनी चाहिए। महापौर को पूरी स्वतंत्रता देनी ही होगी। जब तक नगर पालिका पैसों से मजबूत नहीं होगी, तब तक स्थानीय सरकार मजबूत और स्वतंत्र नहीं हो सकती है। संजय चौहान ने बताया कि बैठक के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की गई कि महापौर का कार्यकाल पांच साल होना चाहिए। साथ ही सरकार को मेयर काउंसिल के गठन पर विचार करना चाहिए। संजय चौहान ने कहा कि बैठक के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की गई कि महापौर का चुनाव साीधा होना चाहिए ताकि शहर का एक समान विकास हो सके।

Related posts