
शिमला। राजधानी के बालूगंज से शिव बावड़ी के रास्ते की हालत बद से बदतर हो गई है। रास्ते की सीढ़ियां पूरी तरह टूट चुकी है। सीढ़ियों का सीमेंट धुल गया है। शेष बची है तो रेत। एंदड़ी, गाहन, एमआई रूम के ज्यादातर लोग शिव बावड़ी के रास्ते ही आते-जाते हैं। स्थानीय लोगों को शिव मंदिर का रास्ता नजदीक पड़ता है। इसी वजह से सुबह-शाम काफी संख्या में लोग इस रास्ते से होकर बालूगंज जाते हैं। फिर चाहे वे ऑफिस जाने वाली महिलाएं हों या स्कूल और कॉलेज जाने वाले बच्चे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इसकी शिकायत नगर निगम से की है लेकिन अभी तक रास्ते की मरम्मत नहीं हो पाई। हर बार आश्वासन मिलता है पर परिणाम सिफर से आगे नहीं सरकता। उधर, समरहिल वार्ड की पार्षद दीक्षा ठाकुर ने कहा कि इस रास्ते से संबंधित सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। जलद ही रास्ते की मरम्मत कर दी जाएगी।
———–
कब सुध लेगा नगर निगम
सीढ़ियों की हालत इतनी खराब है कि सीमेंट धुल चुका है। अब सिर्फ रेत बची है। बालूगंज जाने के लिए यही एक सुलभ रास्ता है। लेकिन नगर निगम न जाने कब सुध लेगा। -देवेंद्र, एंदड़ी
आने-जाने में होती है दिक्कत
रास्ते की हालत बहुत ज्यादा खराब है जिस कारण महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार शिकायत की पर परिणाम शून्य से आगे नहीं सरका। -राहुल, गाहन
हादसे का डर सताता है
मेरा बेटा ताराहॉल स्कूल में पढ़ता है। बस किराया बढ़ने के कारण मुझे इस रास्ते से होकर ही आना-जाना पड़ता है। सीढ़ियों से गुजरते वक्त हादसे का डर रहता है। – रीना, शिव मंदिर
रात को चलना मुश्किल
रास्ते की हालत बहुत खराब है। सीढ़ियां पूरी तरह से टूट चुकी हैं। दिन में तो जैसे-तैसे पैदल चल लेते हैं लेकिन रात के समय इस रास्ते से गुजरना मुश्किल है। – पुष्पेंद्र, पुजारी
