सीडीओ ने अनियमितता पर पशु अस्पताल सील कराया

धौलछीना। मुख्य विकास अधिकारी ज्योति नीरज खैरवाल ने भैंसियाछाना ब्लॉक में स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया। अनियमितता मिलने पर सीडीओ ने पशु अस्पताल को सील करवा दिया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित उद्यान विभाग के मोबाइल टीम इंचार्ज से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीडीओ ने मंगलवार का धौलछीना स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया। पशु अस्पताल में डाक्टर अनुपस्थित मिली और काफी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं रखी गई थीं। वहां मौजूद एक मात्र चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीडीओ को संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। अनियमितता मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने अस्पताल सील करवा दिया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट को निर्देश देकर अस्पताल में रखे रजिस्टर तलब करने को कहा। उद्यान विभाग में मोबाइल टीम इंचार्ज अनुपस्थित पाए गए।
सीडीओ ने अनुपस्थित मोबाइल टीम इंचार्ज से स्पष्टीकरण मांगा है। मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि रक्षा इकाई कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। सीडीओ ने कहा कि भ्रमण में जाने से पूर्व कर्मचारी भ्रमण पंजिका भरें। छुट्टी पर जाने से पहले सक्षम अधिकारी की अनुमति जरूरी है।

Related posts