
नेरचौक (मंडी)। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सीएसडी कैंटीन एवं वैट मामले पर लगाए जा रहे आरोपाें को कांग्रेस ने निराधार बताया है। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने बाकायदा इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष को बगैर तथ्य समझे भ्रामक प्रचार न करने की सलाह दी है। प्रकाश चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री लोगाें को गुमराह कर रहे हैं। जबकि हकीकत कुछ और ही है। आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पहले जब सीएसडी कैंटीन दूसरे राज्यों से सामान क्रय करती थी तो उसे उस राज्य में 13.75 फीसदी की दर से वैट भुगतान करना पड़ता था। कारण यह था कि पहले कैंटीन प्रदेश में वैट के अंतर्गत रजिस्टर नहीं थी। अब सीएसडी कैंटीन की तरफ से वैट के अंतर्गत पंजीकृत होने का आवेदन प्राप्त होने के बाद उसे आबकारी एवं कराधान विभाग के पास पंजीकृत किया गया है। जिस पर विभाग ने सबसे निम्न दर पर कर देने की छूट दी है, जो महज चार फीसदी है। आबकारी मंत्री ने कहा कि चूंकि अब सीएसडी एक पंजीकृत डीलर है तो वह विभाग से सी फार्म प्राप्त कर दूसरे राज्याें से 2 फीसदी वैट पर सामान क्रय कर सकती है। यदि इस पर गणना की जाए तो हिमाचल और दूसरे राज्यों में सीएसडी द्वारा कुल छह फीसदी वैट ही दिया जाएगा। जबकि पहले यह 13.75 फीसदी था। आबकारी मंत्री ने कहा कि इससे न केवल सैनिकों को फायदा हुआ है, बल्कि जो वैट पहले दूसरे राज्यों को मिलता था, अब प्रदेश सरकार को मिलेगा।
