
नूरपुर (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के 8 जनवरी को प्रस्तावित नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास को लेकर जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं। नूरपुर ब्लॉक कांग्रेस सहित तमाम सरकारी अमला सीएम के नूरपुर प्रवास की तैयारियों को दिन-रात पूरा करने में जुट गया है।
उपमंडल मुख्यालय नूरपुर स्थित नवनिर्मित संयुक्त कार्यालय भवन (मिनी सचिवालय) और सिविल अस्पताल नूरपुर में चल रहे निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री नूरपुर में 4.73 करोड़ की लागत से नवनिर्मित मिनी सचिवालय भवन और नूरपुर अस्पताल में करीब डेढ़ करोड़ लागत की सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण करेंगे। इसके उपरांत बजीर राम सिंह पठानिया स्मारक के प्रांगण में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। स्थानीय कांग्रेस विधायक अजय महाजन ने शनिवार देर शाम नूरपुर अस्पताल का दौरा कर सीएम के दौरे की तैयारियों का जायजा लिया था।
महाजन ने बताया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नूरपुर प्रवास की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। सीएम का नूरपुर पहुंचने पर जौंटा में जोरदार स्वागत किया जाएगा तथा वहां से मुख्यमंत्री को गाड़ियों के काफिले के साथ नूरपुर लाया जाएगा। मुख्यमंत्री के समक्ष नूरपुर में चिरलंबित स्टेडियम के निर्माण के मुद्दे के अलावा नूरपुर अस्पताल में ट्रामा सेंटर व ब्लड बैंक खोलने की क्षेत्रवासियों की मांग को प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
