सीएम ने दी कोटली को तहसील की सौगात

मंडी। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंडी संसदीय क्षेत्र से प्रतिभा सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए मंडीवासियों का आभार व्यक्त किया। मंडी को अपना दूसरा घर मानने वाले मुख्यमंत्री ने 67वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जहां प्रदेश के युवाओं, कर्मचारियों और पेंशनरों को सौगात दी, वहीं सदरविधान सभा क्षेत्र के कोटली को तहसील का दर्जा देकर मंडीवासियों को सौगात दी है। मंडी संसदीय क्षेत्र से चार बार सांसद रहे वीरभद्र सिंह ने कहा कि उनका मंडी से गहरा नाता है। मंडी में आईआईटी तथा ईएसआई मेडिकल कॉलेज कांग्रेस सरकार की देन है। जिले के कमांद में आईआईटी कक्षाएं आरंभ हो गई हैं। उसी प्रकार नेरचौक में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। अगले वर्ष से यहां कक्षाएं आरंभ हो जाएंगी। आजादी दिवस पर मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक पड्डल मैदान से पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि अपने मिशन रिपीट के सपने को साकार करने के लिए भाजपा ने सत्ता एवं सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया, लेकिन प्रदेश के लोगों ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया। हालांकि, कांग्रेस को चुनाव प्रचार के लिए कम समय मिला, लेकिन लोगों के समर्थन से कांग्रेस सत्ता में आई, जिसके लिए वे जनता के आभारी हैं। हाल ही में आयोजित मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार रानी प्रतिभा सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए उन्होंने लोगों का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी जिले में पेयजल आपूर्ति योजनाओं पर 23 करोड़ 39 लाख तथा सिंचाई योजनाओं पर 1379 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। मंडी जिले में सड़क निर्माण एवं रखरखाव के लिए 67 करोड़ 15 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। जिले में इंदिरा आवास योजना तथा राजीव आवास योजना के तहत इस वर्ष कुल 1296 आवास निर्मित किए जाएंगे। इधर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोटली में तहसील कार्यालय खोलने की घोषणा का स्वागत किया है। जिसके लिए उन्होंने अपनी तथा समस्त तुंगल क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का धन्यवाद किया है। अनिल शर्मा ने क्षेत्र की जनता को कोटली में तहसील कार्यालय खुलने पर बधाई दी है।
समारोह में स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा, मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, पूर्व विधायक टेक चंद डोगरा, मुख्यमंत्री के ओएसडी अमितपाल सिंह, अतिरिक्त महाधिवक्ता तरुण पाठक, नगर परिषद मंडी की अध्यक्ष सुशीला सौंखला, एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष हरेंद्र सेन, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष जगदीश सिपहिया, विश्वविद्यालय कार्यकारी परिषद के सदस्य चंद्रशेखर, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कृष्णा टंडन, मुख्य सचिव सुदृप्तो राय, पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, मुख्यमंत्री के सलाहकार टीजी नेगी, प्रधान सचिव वीसी फारका, मंडलायुक्त मंडी ओंकार शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक मंडी पीएल ठाकुर, कार्यकारी उपायुक्त गोपाल चंद, पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी आदि मौजूद रहे।

Related posts