
धर्मशाला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शनिवार को शीतकालीन दौरे के आखिरी दिन धर्मशाला शहर में करोड़ों के शिलान्यास किए। सुबह सवा दस बजे रेडक्रॉस भवन की आधारशिला रखी। उसके बाद बीएड कॉलेज में शिक्षक आवास, कैंटीन तथा लोअर बड़ोल में आवासीय इकाइयों का शिलान्यास किया। सीएम ने कहा कि प्रदेश के प्रमुख शहरों में आवासीय इकाइयां विकसित की जा रही हैं तथा शहरी अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत 406.32 करोड़ रुपये की लागत से लघु एवं मध्यम शहरों के विकास के लिए केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय को 18 परियोजनाएं प्रेषित की गई हैं। इसी के तहत सीएम ने शनिवार को धर्मशाला स्थित लोअर बड़ोल में एकीकृत आवासीय एवं मलिन बस्ती विकास परियोजना के अंतर्गत 328 आवासीय इकाइयों के निर्माण की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने धर्मशाला में बीएड कॉलेज के लिए 3क़रोड़ की लागत से निर्मित होने वाले शिक्षक आवास एवं कॉलेज कैंटीन की आधारशिला भी रखी। इससे कॉलेज में प्रशिक्षण को आने वाले शिक्षकों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने धर्मशाला में जिला रेडक्रॉस समिति, कांगड़ा के बहुउद्देशीय भवन का भी शिलान्यास किया। इस भवन के निर्माण पर 582.80 लाख रुपये की अनुमानित लागत आएगी। भवन में विश्राम गृह, क्रच, सम्मेलन एवं प्रशिक्षण हॉल, व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान तथा 40 वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कांगड़ा तहसील की बवीता कुमारी तथा विनोद कुमार को व्हील चेयर प्रदान की। उन्होंने कांगड़ा जिले के सौरभ कपूर, धनी राम, ज्ञान चंद आदि को इयरिंग मशीनें भी वितरित कीं। इस मौके पर शहरी एवं विकास मंत्री सुधीर शर्मा व खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली भी मौजूद रहे।
फरवरी में पूरा होगा काम
सीएम ने बीएड कॉलेज के बहुउद्देशीय भवन का निर्माण कार्य फरवरी माह में पूरा करवाने के आदेश दिए हैं। कॉलेज में आवास व कैंटीन भवन के शिलान्यास के दौरान साथ में निर्माणाधीन भवन का कार्य जल्द से जल्द पूरा करवाने के आदेश दिए। वहीं, मौके पर मौजूद लोनिवि के मुख्य अभियंता एसके चौधरी ने फरवरी माह में सारा कार्य पूरा करवाने की बात कही।
