सीएम जी सड़क, शिक्षक, बैंक की भी घोषणा कर देना

बागेश्वर। नव सृजित दुग नाकुरी तहसील के शिलान्यास को बनलेख में आ रहे मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से क्षेत्र के लोगों को बड़ी उम्मीद है। लोगों ने बालीघाट-धरमघर मार्ग की कायाकल्प करने, शिक्षकों की तैनाती होने, रोजगारपरक उद्योग लगाने और क्षेत्र में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने का सपना संजोया है।
दुग नाकुरी तहसील 62 ग्राम पंचायतों वाली तहसील है। जिसके भवन का शिलान्यास करने मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा मंगलवार को बनलेख आ रहे हैं। सीएम के कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोग काफी खुश हैं। उन्हें उम्मीद है कि सीएम क्षेत्र में आएंगे तो क्षेत्र का विकास होगा। सबसे बड़ी समस्या 1978 में बनी बालीघाट-धरमघर मोटर मार्ग है। 78 किमी लंबे इस मार्ग में इतने गड्ढे हैं कि लोग जान हथेली पर रखकर यात्रा करने को मजबूर हैं। सड़क की काया कल्प करने की बात कहकर वर्तमान विधायक ललित फर्स्वाण ने 15 साल पुराना भाजपा के गढ़ को ध्वस्त किया था। क्षेत्रीय विधायक ललित फर्स्वाण ने बताया कि सड़क की कायाकल्प को लेकर उन्होंने सात जून 2012 को शासन को 35 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है।

बहुप्रतीक्षित वृहत गरुड़ पेयजल योजना की स्वीकृति की उम्मीद
गरुड़। सीएम विजय बहुगुणा के पहली बार गरुड़ आगमन पर लोगों को विश्वास है कि वे बहुप्रतीक्षित गरुड़ वृहत पेयजल योजना के निर्माण की घोषणा कर जाएंगे।
विकासखंड गरुड़ की सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है। क्षेत्र के विधायक चंदन दास की पहल पर जल महकमे ने गरुड़ क्षेत्र के लिए वृहत पेयजल योजना की डीपीआर बनाकर शासन को विधानसभा चुनाव से पूर्व भेजी थी। ग्रामीणों ने जल महकमे के निर्देश पर पेयजल योजना के निर्माण के लिए अंशदान भी तीन साल पहले जमा कर दिया है। लेकिन शासन से पेयजल योजना के निर्माण के लिए आज तक स्वीकृति नहीं मिली है। अब सीएम के आने से लोगों में इसके स्वीकृत होने की उम्मीद फिर से जग गई है।

Related posts