सीएम के चुनाव क्षेत्र की कांग्रेस कमेटी भंग

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निर्वाचन हलके शिमला ग्रामीण की कांग्रेस कमेटी को भंग कर दिया है। इसके साथ ही शिमला शहरी और चंबा जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी को तुरंत प्रभाव से भंग किया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने इन कांग्रेस कमेटियों को भंग करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही इन सभी कमेटियों के अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि 15 जनवरी तक नई कमेटी का निर्माण कर कांग्रेस कार्यालय में अनुमोदन के लिए भेजें।
इसमें शिमला शहरी कांग्रेस की बैठकों में पहले से ही सरकार के खिलाफ आवाज उठती रही है। कभी पदाधिकारियों की अनदेखी से लेकर कभी डिपुओं में राशन न मिलने की शिकायतें शिमला शहरी कांग्रेस की बैठकों में उठती रही हैं। वहीं, शिमला ग्रामीण और चंबा कांग्रेस कमेटी को भी भंग किया है। इन दोनों कमेटियों को भी अपनी रिपोर्ट भेजनी है। इसमें कांग्रेस कमेटी तर्क दे रही है कि कमेटियों में नए लोगों को स्थान देने और निष्क्रिय रहे पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नरेश चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण, जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी व जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि अपने जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी बनाकर 15 जनवरी तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को अनुमोदन के लिए भेजें। इन कमेटियों में कुछ सदस्य निष्क्रिय चल रहे थे।

Related posts