सीएम की सभा में हंगामा, लाठियां फटकारी

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की सभा में खूब हंगामा हुआ। पुलिस ने भी लाठियां फटकारी, जिसके विरोध में भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। तब से पुलिस महकमे की नींद उड़ी हुई है। गदरपुर मंडी परिसर में सरकारी कार्यक्रम बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया था, जिसके कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम में तब्दील हो जाने पर भाजपाई उखड़ गए। गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय ने मंच पर ही हंगामा करना शुरू कर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री बहुगुणा को भी बहुत कुछ खरी-खरी कही। इसके बाद कार्यक्रम का बहिष्कार कर मंच से नीचे उतर गए। जहां पहले से मौजूद विधायक पांडेय के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इससे वहां अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई और विधायक समर्थक नारेबाजी करते हुए जब मंच की तरफ बढ़ने लगे तो पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। इस पर पुलिस ने विधायक पांडेय और उनके समर्थकों को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। इससे वहां पर भगदड़ मच गई और कइयों को हल्की-फुल्की चोटें भी आईं। इसके बाद गुस्साए विधायक समर्थकों ने मुख्यमंत्री काफि ले के जाने वाले रास्ते अनाज मंडी तिराहे पर सीएम का पुतला फूंका और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही गदरपुर की उपेक्षा करने और भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई का आरोप लगाया। इसके बाद सीएम बहुगुणा के गदरपुर से चले जाने के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विधायक पांडेय का पुतला फूंका। अलबत्ता, मुख्यमंत्री बहुगुणा की सभा में मची अफरातफरी और हंगामे से पुलिस महकमे के अफसर बेचैन हैं।

Related posts