
गुप्तकाशी। केदारघाटी में विद्युत रोस्टिंग से जनता परेशान है। प्रतिदिन रात को आठ बजे से लगभग डेढ़- दो घंटे तक विद्युत व्यवस्था बाधित रहती है। जिससे गुप्तकाशी में ठहरने वाले तीर्थ यात्रियों के साथ ही स्थानीय जनता को भी परेशानी हो रही है। गुरुवार को विजयनगर में विद्युत लाइन के ऊपर पेड़ गिरने से गुप्तकाशी में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। जो शुक्रवार को अपराह्न सवा बारह बजे बहाल हो पाई।
पूर्व ब्लाक प्रमुख ममता नौटियाल, केदार-काशी विकास समिति अध्यक्ष पीएन पांडेय, बचन सिंह ने बताया कि केदारघाटी में विद्युत व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। दिनभर बिजली की आंख मिचौनी के बाद रात को हर दिन लगभग डेढ़ घंटे रोस्टिंग की जा रही है। जबकि मुख्यमंत्री ने पूर्व में घोषणा की थी कि यात्रा काल के दौरान यात्रा पड़ावाें पर रोस्टिंग नहीं की जाएगी। इसके बावजूद अघोषित रोस्टिंग की जा रही है।
इधर, ऊर्जा निगम के ऊखीमठ एसडीओ एसके गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को विजयनगर में लाइन के ऊपर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है। उन्हाेंने बताया कि लोड अधिक होने के कारण रोस्टिंग की जा रही है।
