
उत्तरकाशी। दो दिन से बारिश न होने के बावजूद गंगोत्री हाईवे पर यातायात बहाली के प्रयास सुस्त पड़े हैं। न अभी गंगोरी वैली ब्रिज की एप्रोच ठीक हो पाई और न ही नेताला से आगे सड़क खुल पाई। ऐसे में भटवाड़ी गंगोत्री क्षेत्र के बाशिंदे जोखिम भरी पैदल पगडंडियों से सफर करने को मजबूर हैं। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की ओर से 30 अगस्त तक रास्तों को हल्के वाहनों के लिए खोल देने संबंधी घोषणा के बाद बीआरओ के काम की गति सुस्त पड़ गई है।
पिछले महीने आई बाढ़ के बाद अक्सर बारिश हो रही थी। दो दिनों से जिले में मौसम साफ है। ऋषिकेश और देहरादून से उत्तरकाशी तक यातायात सुचारु है। बीआरओ सहित अन्य सरकारी विभाग प्रकृति से मिली इस मोहलत का फायदा उठाते नहीं दिख रहे हैं। जिस बीआरओ ने नौ जुलाई तक गंगोरी से आगे गवाणा, नेताला तक यातायात बहाल कर लिया था, वह इसके बादनेताला से आगे एक इंच भी सड़क नहीं बना पाया।
माना जा रहा है कि अधिकारियों की ओर से मिली रिपोर्ट के बाद विगत 29 जून को क्षेत्र के दौरे पर आए मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने तीस अगस्त तक सड़कों को हल्के वाहनों के लिए खोलने की घोषणा थी। अधिकारी सीएम की इस घोषणा को अपने लिए ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं इसलिए जो सड़क तेजी से बनती दिख रही थी, बीआरओ अब उस पर बड़ी सुस्ती दिखा रहा है। अगर कोई आपत्ति करता है तो अधिकारी सीएम की घोषणा का हवाला देकर अपना बचाव कर लेते हैं।
बार्डर के कई गांवों में जनजीवन प्रभावित
उत्तरकाशी। चीन सीमा से लगे भटवाड़ी विकासखंड के पचास से भी ज्यादा गांवों में आपदा के डेढ़ माह बाद भी सड़क और संपर्क मार्ग नहीं खुल पाए। 16-17 जून की बाढ़ से गंगोत्री राजमार्ग के अवरुद्ध होने से दूरस्थ पिलंग, जौडाऊ, सालू, सौरा, लौंथरू, बयाणा, सिल्ला, ढासड़ा, कुंजन, तिहार, भुक्की आदि पचास से अधिक गांवाें का जिला और ब्लाक मुख्यालय से संपर्क कटा हुआ है। हालांकि बीआरओ गंगोत्री राजमार्ग को खोलने में जुटा है लेकिन काम सुस्त गति से चल रहा है। कुछ दिन पूर्व नेताला हिना तक वाहन जाने लगे थे, लेकिन पिछले सोमवार को गंगोरी बैली ब्रिज का एक पिलर कटाव की जद में आ गया, जिस पर प्रशासन ने पुल पर वाहनो की आवाजाही पर रोक लगा थी। ऐसे में ग्रामीणों को अब गंगोरी से ही पैदल दूरी नापनी पड़ रही है।
कोट………
गंगोरी वैलीब्रिज पर सोमवार से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद वाहन नेताला-हिना तक पहुंचने शुरू हो जाएंगे। अगले हफ्ते तक सड़क मनेरी तक खुल जाएगी। 30 अगस्त तक गंगोत्री हाईवे छोटे वाहनों के लिए गंगोत्री तक खोल दिया जाएगा।
