
शिमला। मुख्यमंत्री के निजी निवास हॉली लाज से चंद कदम ऊपर जाखू की ओर एक बदमाश ने युवती का पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया। बदमाश ड्रीमलैंड की ओर भागा, जहां इसके दो साथी इंतजार कर रहे थे। लड़की चोर…चोर चिल्लाती हुई इनके पीछे भागी और मदद की पुकार की। एक जागरूक नागरिक ने चोरों का पीछा टैक्सी से किया और मालरोड के नजदीक बदमाश के एक साथी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के बाद इसके दो और साथियों को हिरासत में ले लिया गया।
23 साल की युवती जाखू के वलाठेल में रहती है। माल रोड पर एक शो रूम में काम करती है। रोज की तरह छुट्टी के बाद घर जा रही थी। लड़की के मुताबिक 8:50 बजे अचानक पीछे से एक युवक आया और पर्स छीनकर फरार हो गया। इस बीच एक टैक्सी चालक ने आरोपी का पीछा किया और उसके एक साथी को पकड़ा। इस बीच वह मालरोड रिपोर्टिंग रूम में एफआईआर दर्ज करवाने पहुंचीं। यहां से उन्हें थाना सदर भेज दिया गया। यहां उन्होंने पुलिस को शिकायत की। इसी बीच सदर पुलिस ने मोहित, नरेश और सुमित नाम के आरोपियाें को पकड़ लिया। इनमें से सुमित ने पर्स छीना था। पर्स में पांच हजार व अन्य सामान था। पैसा बरामद हो गया था, जो पुलिस ने उसे लौटा दिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह छह साथियों के साथ यहां एक निजी होटल में ठहरे हुए हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि तीन आरोपी धर लिए गए हैं। पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।
